समाज और राष्ट्र में परिवर्तन की बुनियाद शिक्षा से होती है : मंत्री सिलावट
मंत्री श्री सिलावट ने राष्ट्रीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

इंदौर
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज इंदौर में एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में चण्डीगढ, छत्तीसगढ, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडू, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश सहित कुल 13 राज्यों के 126 खिलाड़ी खेल प्रतियोगिताओं में शामिल हो रहे हैं।
मंत्री श्री सिलावट ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र में परिवर्तन की बुनियाद शिक्षा और खेलकूद से होती है। देश के कोने-कोने से बालक-बालिकाएं खेलने आये हैं, जो एक जूनून और संकल्प लेकर आए हैं। सभी में जीत की भावना है, जो खेल के भाव से ही पूर्ण हो सकती है। पूरे राष्ट्र में किसी का स्तर ऊंचा है, तो वह खेल का है। आप सभी 13 राज्यों के प्रतिनिधि के तौर पर खेलकर एक राष्ट्र का निर्माण कर प्रदेश को गौरवान्वित करें यही मेरी इच्छा है।
इस अवसर पर एमरल्ड हाइंटस इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर मुक्तेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती शांता स्वामी भार्गव, प्राचार्य श्रीमती निशा, आब्जर्बर श्री अजयसिंह चंदेल, क्रीड़ा अधिकारी श्री सुनील अवस्थी, जनपद अध्यक्ष विश्वजीतसिंह सिसौदिया, कमल पटेल, मंडल अध्यक्ष विपीन जागीरदार सहित 13 राज्यों के कोच एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
