इंदौर परदेशीपुरा थाना इलाके के कुलकर्णी नगर में बीती शाम एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक भोपाल में एक मेले में बुक स्टॉल लगाने के बाद सुबह ही इंदौर लौटा था। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, और आत्महत्या के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। मृतक की पहचान कुलकर्णी नगर निवासी मोहित के रूप में हुई है। कल शाम जब यह घटना हुई, उस समय घर पर कोई नहीं था। बताया गया कि मोहित की दादी दवाई लेने बाहर गई हुई थीं। घटना का पता तब चला जब मोहित का भाई शुभम घर पहुँचा। उसने देखा कि अंदर से दरवाजा बंद था। काफी देर तक आवाज देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो शुभम ने अंदर झाँककर देखा। मोहित फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि मोहित पाँच दिन पहले भोपाल गया था, जहाँ उसने एक मेले में बुक स्टॉल लगाया था, और वह कल सुबह ही इंदौर लौटा था। परदेशीपुरा पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मोहित का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसकी जाँच की जाएगी ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जाँच कर रही है।
