इंदौर
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पत्नी से हो रहे विवाद में बीच-बचाव करना दो भाइयों को भारी पड़ गया। आरोपी पड़ोसी ने समझाने आए एक भाई के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है कोलारस, जिला शिवपुरी निवासी और हाल ही में केट चौराहा पर रह रहे रवि पिता हल्केराम कुशवाह ने राजेंद्र नगर पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। रवि ने पुलिस को बताया कि उनका पड़ोसी सोहन पिता पन्ना लाल अपनी पत्नी के साथ विवाद कर रहा था। रवि और उनके भाई संजय दोनों सोहन को समझाने गए और पूछा कि वह अपनी पत्नी के साथ क्यों झगड़ा कर रहा है। इसी बात को लेकर सोहन भड़क गया और रवि तथा संजय दोनों को गालियाँ देने लगा। जब रवि ने सोहन को गालियाँ देने से मना किया, तो आरोपी सोहन ने पास रखा डंडा उठा लिया और उनके भाई संजय के सिर में दाहिने तरफ ज़ोर से मार दिया। इस वार से संजय को चोट लगी और खून निकलने लगा। रवि ने जब बीच-बचाव किया, तो आरोपी सोहन ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि आइंदा हमारे बीच में बोला तो तुझे जान से खत्म कर देगे। राजेंद्र नगर पुलिस ने फरियादी रवि कुशवाह की शिकायत पर आरोपी सोहन के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जाँच कर रही है।
