हीरानगर थाना क्षेत्र में एमआर-१० ब्रिज के समीप बीती रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ। एक बेकाबू आइशर ट्रक के चालक ने एक्टिवा सवार युवक को जोरदार टक्कर मारी और टक्कर के बाद भी वाहन नहीं रोका, जिससे युवक करीब ५०० मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे में हर्ष पिता राजू गोस्वामी (२६) राम नगर गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक के हाथ-पैर की हड्डियां टूट गई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। एक्टिवा भी आइशर के नीचे फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि आइशर चालक की रफ्तार अत्यधिक थी और हादसे के बाद भी उसने ब्रेक नहीं लगाए। पास खड़े राहगीरों ने साहस दिखाते हुए तुरंत घायल युवक को आइशर के नीचे से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। हीरानगर पुलिस ने घायल हर्ष गोस्वामी को तत्काल अरविंदो अस्पताल भिजवाया, जहाँ उसका उपचार जारी है। पुलिस ने खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले आइशर ट्रक को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
