इंदौर
शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक तस्कर को भारी मात्रा में प्रतिबंधित ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर में नशे के आदी लोगों को ऊँचे दामों पर बेचता था। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही थी, तभी संजय सेतु पार्किंग क्षेत्र में एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि करता दिखा। पुलिस को देखकर घबराने वाले उक्त व्यक्ति को घेराबंदी कर रोका गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम देवीलाल मीणा निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान का होना बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ३६.३९ ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर और एक दोपहिया वाहन होंडा स्प्लेंडर बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी देवीलाल मीणा ने कबूल किया कि वह अधिक लाभ कमाने की मंशा से सस्ते में मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर शहर में नशे के आदी लोगों को ऊँचे दामों पर बेचता था। इस माल को भी वह शहर में खपाने आया था। आरोपी देवीलाल दिहाड़ी मजदूरी करता है और आठवीं कक्षा तक पढ़ा है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी के विरुद्ध थाना अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। जब्त ब्राउन शुगर की कीमत ३ लाख ७० हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद के दााोत और इंदौर में इसके संभावित नेटवर्क के बारे में विस्तृत पूछताछ कर रही है।
