इंदौर। थाना विजय नगर पुलिस ने स्कीम नंबर 54 स्थित एचपी लैपटॉप शोरूम में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से लैपटॉप, एसेसरीज और नगदी सहित करीब 7 लाख रुपये का माल बरामद किया है। यह सभी आरोपी दमोह और सागर जिले के रहने वाले हैं, जो इंदौर में अपने दोस्तों के यहां घूमने आए थे और पैसे खत्म होने पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर शहर में चोरी, नकबजनी और लूट जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री कुमार प्रतीक, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमरेन्द्र सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त विजय नगर श्री राजकुमार सराफ के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
फरियादी सुधीर ने थाना विजय नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी दुकान — एचपी लैपटॉप शोरूम, स्कीम नं. 54 से 28 और 29 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर 6 लैपटॉप, कॉलर माइक, हेडसेट, पेन ड्राइव और ₹50,000 नगद चोरी कर लिए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 856/2025 धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक चन्द्रकांत पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने घटना स्थल और आसपास के 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। वीडियो विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में —
1. नरेन्द्र विश्वकर्मा (20 वर्ष) निवासी ग्राम बाधकपुर, जबलपुर नाका चौकी, जिला दमोह (पूर्व में 11 अपराध),
2. सनी उर्फ सनील सोनी (23 वर्ष) निवासी बड़ा बाजार, विवेकानंद वार्ड, सागर (पूर्व में 14 अपराध),
3. सत्यम तिवारी (21 वर्ष) निवासी वार्ड नं. 1, स्टेशन के पीछे, दमोह (पूर्व में 17 अपराध) शामिल हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से चोरी का मश्रुका — 6 HP लैपटॉप, 4 नेकबैंड, 3 हेडफोन विद माइक (कुल मूल्य ₹6,50,000) और ₹50,000 नगद सहित कुल ₹7,00,000 का सामान बरामद किया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी इंदौर में अपने दोस्तों के यहां ठहरे हुए थे और निरंतर पार्टी कर रहे थे। जब उनके पास पैसे खत्म हो गए, तो उन्होंने चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
