
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत इन्दौर श्री सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को समग्र शिक्षा अभियान (कक्षा 1-8) तक संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक जिला पंचायत कार्यालय में सम्पन्न हुयी। समीक्षा बैठक में जिला परियोजना समन्वयक, समस्त सहायक परियोजना समन्वयक, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक,विकासखण्ड अकादमिक समन्वयक, जनशिक्षक, उपयंत्री, लेखापाल एवं एम.आई.एस. को-ऑडिनेटर उपस्थित थे। बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए लक्ष्य अनुरूप विभिन्न पोर्टलों पर प्रविष्ठि एवं भौतिक रूप से क्रियान्वयन किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। मध्यप्रदेश सरकार के द्वारा शाला त्यागी बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोडने हेतु चाईल्ड ट्रेकिंग एप्प के माध्यम से विद्यालयों के शिक्षकों के द्वारा सर्वे कराया गया, जिसमें बडी संख्या में शाला त्यागी बच्चों को विद्यालयों में स्पॉट एडमिशन कराया गया। सभी शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि सभी स्पॉट एडमिशन के बच्चों को आगामी दो दिवस में एज्युकेशन पोर्टल 3.0 पर मैप किया जाये।
जिला स्तरीय अमले /विकासखण्ड स्तरीय अमले / जनशिक्षकों को सतत मॉनिटरिंग के समय शालाओं में अकादमिक स्तर एवं समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार हेतु निर्देश दिए गए। शासकीय प्राथमिक विद्यालयों में संचालित एफ.एल.एन. की गतिविधियों पर जोर देते हुए सभी को लक्ष्य के अनुरूप मॉनीटरिंग किए जाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जैन द्वारा प्रदेश में इन्दौर जिले में शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों की उपस्थिति “हमारे शिक्षक” एप्प के माध्यम से अत्यन्त न्यून होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। ई-अटेन्डेंस के संबंध में कोई तकनीकी समस्या नहीं होने पर भी उपस्थिति कम दर्ज होने पर शिक्षा विभाग के समस्त लोक सेवकों को “हमारे शिक्षक” एप्प के माध्यम से अनिवार्य रूप से ई-अटेन्डेंस दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी एवं समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को “हमारे शिक्षक” पर दर्ज उपस्थिति के माध्यम से ही वेतन आहरित किए जाने हेतु आदेशित किया गया।
