विधानसभा के विशेष सत्र मे सदन की कार्यवाही शुरू होने के पहले कांग्रेस विधायकों ने मनरेगा का नाम बदलने को लेकर जमकर हंगामा किया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अगुवाई में कांग्रेस विधायकों ने मनरेगा का नाम बदलने को लेकर प्रदर्शन करते हुए कहा कि एक ओर सरकार महात्मा गांधी की पदचिन्हों पर चलने की तो बात करती है पर उनके नाम पर योजनाएं संचालित हो रही हैं उन्हें बदल रही है, इससे साफ होता है कि वास्तव में यह लोग गांधी उपासक नहीं है. कांग्रेस इस तरह के कृत्य को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी. आपने प्रधानमंत्री आवास प्रधानमंत्री जन धन योजना सहित तमाम नाम रखे हमने विरोध नहीं किया, लेकिन यदि आप महात्मा गांधी के नाम से संचालित की जा रही योजनाओं को नाम बदलेंगे तो बर्दाश्त नहीं होगा।

मध्यप्रदेश विधानसभा के 69 साल पूरे होने पर बुधवार को विधानसभाका विशेष सत्र मे सदन में चर्चा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने का संकल्प पेश किया, जिस पर सदन में विशेष चर्चा हुई। चर्चा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी सरकार के दो साल के कामकाज का ब्यौरा दिया और आगामी कार्ययोजना के बारे में सदन को जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सदन में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि नक्सलवाद को ध्वस्त किया गया, अवैध हथियार फैक्ट्रियां बंद की गईं और मेट्रोपोलिटन सिटी बनाने का फैसला लिया गया है. उन्होंने 2047 के विजन डॉक्यूमेंट को गीता की तरह मानकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
