
स्टोरेंट और ढ़ाबों पर अवैध गैस सिलेंडर भंडारण पाये जाने पर सख्त कार्रवाई, बड़ी संख्या में सिलेंडर जप्त
इंदौर,
इंदौर जिले में सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए गैस सिलेंडरों के अवैध रूप से क्रय-विक्रय, भण्डारण, उपयोग, परिवहन करने वालों के विरूद्ध कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में सख्त कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम सांवेर श्री घनश्याम धनगर ने बताया कि इसी सिलसिले में आज राजस्व एवं खाद्य विभाग के संयुक्त दल द्वारा सांवेर क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण एवं उपयोग के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान क्षेत्र में स्थित पप्पू एंड पप्पू रेस्टोरेंट में अवैध रूप से 16 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का भंडारण पाया गया, जिस पर सभी सिलेंडरों को जप्त करने की कार्रवाई की गई। इसी क्रम में मधुबन रेस्टोरेंट की जांच में 6 व्यावसायिक गैस सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए, जिन्हें जप्त किया गया।
इसके अतिरिक्त श्रेयांश गैस एजेंसी का एक भरा हुआ लोडिंग वाहन लंबे समय से आबादी क्षेत्र में खड़ा पाया गया। जांच में वाहन से 23 घरेलू एवं 3 व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिन पर जप्ती की कार्रवाई की गई। एसडीएम श्री धनगर ने बताया कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
