
इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा बसों व ऑटो/ई रिक्शा के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पाया गया कि कई बस चालक प्रतिबंधित क्षेत्रों में बस खड़ी कर सवारियों को चढ़ाने–उतारने का कार्य कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। इसके अलावा बसों में क्षमता से अधिक सवारियाँ बैठाना, निर्धारित वर्दी न पहनना, अनियमित तरीके से बस खड़ी करना एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करना भी सामने आया। इन सभी उल्लंघनों पर इंदौर ट्रैफिक पुलिस की टीम द्वारा कुल 17 बसों पर वैधानिक कार्यवाही की गई। साथ ही प्रतिबंधित मार्ग का उल्लंघन, वन-वे, ओवरलोडिंग तथा नो पार्किंग जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 59 ई रिक्शा/ऑटो पर सख्त कार्यवाही की गई। ट्रैफिक पुलिस द्वारा सभी बस संचालकों से अपील की गई कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें, निर्धारित स्थानों पर ही सवारी चढ़ाएँ–उतारें, बस में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएँ, बस चालक शराब के नशे में वाहन न चलाये, चालक निर्धारित वर्दी में हों, बस स्टाफ का सवारियों से व्यवहार अच्छा हो, नियमों का पालन कर जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाएँ। यातायात पुलिस, नगरीय इन्दौर का बसों के विरुद्ध यह सतत अभियान आगे भी जारी रहेगा। इंदौर ट्रैफिक पुलिस वाहन चालकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करें एवं वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
