
इंदौर
इंदौर जिले की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य संरक्षण तथा अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में आज एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में कलेक्टर श्री वर्मा स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधियों से खुला संवाद किया। उन्होंने सभी औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने कारखानों में सुरक्षा संबंधी सभी उपाय सुनिश्चित करें। अधिकारियों द्वारा कारखानों का भ्रमण किया जाएगा। औद्योगिक इकाईयों में सुरक्षा प्रबंधों के लिए विस्तार से जानकारी दी जाएगी। सुरक्षा प्रबंध करने के लिए समय दिया जाएगा। निर्धारित समय में सुरक्षा प्रबंध नहीं करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।
कार्यशाला में अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, महाप्रबंधक उद्योग श्री स्वप्निल गर्ग सहित अग्निशमन, श्रम, उद्योग, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के संचालक एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में संचालित समस्त औद्योगिक इकाइयों में स्वास्थ्य सुरक्षा, अग्नि शमन प्रणाली, आपातकालीन प्रबंधन एवं औद्योगिक सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा। कार्यशाला के दौरान औद्योगिक इकाइयों में फायर सेफ्टी ऑडिट, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी नियमित जांच, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा, रासायनिक पदार्थों के सुरक्षित भंडारण तथा श्रमिकों के लिए प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही संभावित औद्योगिक दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई हेतु मॉकड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन पर भी विशेष बल दिया गया।
अधिकारियों द्वारा औद्योगिक इकाइयों के संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। जिन इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमी पाई जाएगी, उन्हें सुधार के लिए निर्धारित समय दिया जाएगा, किंतु समयावधि में सुधार नहीं करने वाली इकाइयों के विरुद्ध वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार इंदौर जिले में औद्योगिक सुरक्षा, श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण तथा अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी रखी जाएगी। आमजन एवं श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्यशालाएं एवं निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
