इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र के गणेश नगर में बेखौफ बदमाशों द्वारा एक कैफे संचालक से अड़ीबाजी और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हथियारों से लैस बदमाशों ने क्षेत्र में कैफे चलाने के बदले अवैध वसूली का प्रयास किया और विरोध करने पर संचालक सहित तीन लोगों पर चाकू और बेस बॉल के डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। भंवरकुआं पुलिस के मुताबिक, वारदात गणेश नगर में रात करीब १० बजे हुई। फरियादी मनीष करोले ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने ठेले पर मौजूद था, तभी आरोपी मिलन नागर, हिमांशु और अभिषेक चौधरी एक कार में सवार होकर आए। आरोपी अपने साथ चाकू और बेस बॉल के डंडे लेकर आए थे। उन्होंने मनीष के भाई श्याम करोले के कैफे में घुसकर उसे धमकाना शुरू कर दिया और गालियां देते हुए कहा कि अगर गणेश नगर में कैफे चलाना है तो हमें रुपए देने पड़ेंगे।जब श्याम करोले ने गुंडा टैक्स देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब मनीष और उनका मौसेरा भाई अमित दबाड़े बीच-बचाव करने पहुंचे, तो बदमाशों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से मनीष
पर वार कर दिया, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा।हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार बिना पैसा दिए कैफे चलाया तो जान से खत्म कर देंगे। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों मिलन, हिमांशु और अभिषेक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की लोकेशन का पता लगाकर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। घायलों का मेडिकल परीक्षण अस्पताल में कराया गया है।
