स्वच्छता एवं विकास मॉडल का किया गया अवलोकन

इंदौर ।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव के निर्देशन में नगर निगम इंदौर के पार्षद दल द्वारा गुजरात के सुरत शहर में स्वच्छता एवं विकास कार्यों के सफल मॉडल का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम इंदौर के पार्षद दल सचेतक श्री कमल वाघेला, महापौर परिषद सदस्य श्री राजेश उदावत, पार्षद श्रीमती सीमा कृष्ण वल्लभ डाबी, श्रीमती ममता सुनार, श्रीमती सोनाली धरकर, श्रीमती सुनीता दिनेश सोनगरा, श्री पुष्पेंद्र पाटीदार, श्री मलखान कटारिया, श्री मृदुल अग्रवाल सहित अन्य पार्षद सदस्यों ने सुरत महापौर श्री देवेश मेवानी एवं निगम आयुक्त श्रीमती शालिनी अग्रवाल से सौजन्य भेंट की। भेंट के दौरान इंदौर नगर निगम की ओर से सुरत नगर निगम को शहर में किए जा रहे विकास कार्यों से संबंधित नागरिक पत्रिका भेंट की गई तथा स्वच्छता के प्रतीक स्वरूप कपड़े का झोला देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पार्षद दल के सदस्यों द्वारा इंदौर शहर में किए जा रहे विकास कार्यों एवं स्वच्छता मॉडल की जानकारी भी साझा की गई।
पार्षद दल सचेतक श्री कमल वाघेला एवं महापौर परिषद सदस्य श्री राजेश उदावत ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य सुरत नगर निगम द्वारा स्वच्छता, जल प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपनाए गए नवाचारों को समझना एवं उन्हें इंदौर में लागू करने की संभावनाओं का अध्ययन करना है। इसी क्रम में पार्षद दल द्वारा सुरत स्थित 125 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का अवलोकन किया गया।उन्होंने बताया कि इस एसटीपी प्लांट से निकलने वाले ट्रीटेड पानी को आरओ लेवल तक शुद्ध किया जाता है, जिसे सुरत शहर के औद्योगिक क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता है। इस अभिनव व्यवस्था के माध्यम से सुरत नगर निगम को प्रतिवर्ष लगभग 140 करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त हो रही है, जो कि जल पुनर्चक्रण एवं राजस्व वृद्धि का उत्कृष्ट उदाहरण है।इसके साथ ही पार्षद दल द्वारा सुरत में विकसित किए गए बायोडायवर्सिटी पार्क का भी अवलोकन किया गया। उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र पूर्व में नाले के किनारे स्थित स्लम एरिया था। सुरत नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र को स्लम मुक्त करते हुए लगभग 60 हेक्टेयर भूमि पर 145 करोड़ रुपये की लागत से भव्य बायोडायवर्सिटी पार्क का निर्माण किया गया है। इस परियोजना का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है, जबकि द्वितीय चरण का कार्य प्रगति पर है।पार्षद दल ने सुरत नगर निगम द्वारा किए जा रहे इन नवाचारपूर्ण एवं जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सफल मॉडलों से प्रेरणा लेकर इंदौर शहर में भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
