इंदौर
बाणगंगा थाना क्षेत्र के भागीरथपुरा सब्जी मंडी इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से डंडे, ईंट और लोहे की रॉड का खुलकर इस्तेमाल किया गया, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले पक्ष से फरियादी अंकित वर्मा ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी सब्जी की दुकान पर था, तभी मोहल्ले के राजकुमार उर्फ टंगन, दीपक, मनोज और बंशी
कश्यप वहां आए और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर सुनीता कश्यपभी वहां पहुंच गई। जब अंकित ने विरोध किया, तो दीपक और राजकुमार ने डंडे और ईंट से उसके सिर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए सुमीत
जाखोनिया के सिर पर मनोज और बंशी ने लोहे की रॉड मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। मारपीट में सोनू और सोम्य कछावा को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने इस मामले में राजकुमार, दीपक, मनोज, सुनीता और बंशी कश्यप के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। दूसरे पक्ष का आरोप: बेसबॉल के डंडे और नुकीली वस्तु से किया हमला वहीं, दूसरे पक्ष से राजकुमार कश्यप ने अंकित, शुभम, प्रदीप, करण और सोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजकुमार का आरोप है कि शुभम, अंकित और प्रदीप ने सुबह हुए विवाद की बात पर उसे घेर लिया और गालियां देने लगे। विवाद के दौरान शुभम और करण कछावा ने बेसबॉल के डंडे से राजकुमार के सिर, पैर और हाथ पर वार किए। जब बंशी और तोमेश कश्यप बचाने आए, तो अंकित वर्मा ने किसी नुकीली वस्तु से तोमेश के कान पर हमला कर दिया। इस पक्ष ने सोनू और प्रदीप कछावा पर भी डंडे और मुक्कों से मारपीट का आरोप लगाया है।
