इंदौर
देवास के औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक बड़ी वारदात का सुराग पीछा करते हुए देवास पुलिस ने इंदौर में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने द्वारकापुरी क्षेत्र में घेराबंदी कर अंतर्राज्यीय सिकलीकर गैंग के एक शातिर बदमाश को धरदबोचा है। पकड़ा गया आरोपी राजस्थान का मूल निवासी है और इंदौर में छिपकर रह रहा था। औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के मुताबिक, करीब १० दिन पहले देवास के विकास नगर निवासी मुकेश पटवर्धन के सूने मकान में चोरी हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और वहां रखे जेवरात व नकदी समेटकर फरार हो गए थे। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस की एक टीम इंदौर के द्वारकापुरी इलाके तक पहुँची।आरोपी बेहद शातिर था, इसलिए पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए अपनी पहचान छिपाई। पुलिस टीम ने करीब तीन दिनों तक द्वारकापुरी क्षेत्र में मजदूर और फेरीवाले बनकर आरोपी के ठिकाने पर कड़ी निगाह रखी। जैसे ही आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि हुई, पुलिस ने दबिश देकर आनंद सिंह पिता
पर्वतसिंह, निवासी डूंगरपुर (राजस्थान) हाल मुकाम द्वारकापुरी को गिरफ्तार कर लिया। नकदी और जेवर बरामद, कई राज्यों में है रिकॉर्ड पुलिस ने आरोपी आनंद सिंह के कब्जे से चोरी के २५ हजार रुपये नकद और करीब ५० हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र में भी आधा दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। फिलहाल देवास पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर गैंग के अन्य सदस्यों और अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
