एमजीएम मेडिकल कॉलेज में सीनियर छात्रों पर पहले की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई के बावजूद रैगिंग की घटनाएं रुक नहीं रही है।रैगिंग के मामले में इस माह में दूसरी गंभीर घटना सामने आई है। जूनियर छात्रों ने सीनियरों पर फ्लैट में बुलाकर मारपीट, डराने-धमकाने और जबरन शराब पिलाने के आरोप लगाए हैं।सीनियरों में पूर्व में रैगिंग के मामले में सस्पेंड किए गए दो छात्र भी शामिल हैं ।
रैगिंग की शिकायत को लेकर प्रशासन को एक गुमनाम पत्र में कहा गया की 2025 बैच के जूनियर छात्रों को 2024 बैच के सीनियर छात्रों ने एक निजी फ्लैट पर बुलाया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और जबरन नाचने शराब पीने के लिए मजबूर किया गया।एंटी-रैगिंग कमेटी की जांच में लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई है ।

डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और विस्तृत जांच की जा रही है। शिकायत मिलने के तुरंत बाद एंटी-रैगिंग कमेटी ने जांच शुरू की और जूनियर व सीनियर छात्रों के बयान अलग-अलग दर्ज किए हैं।
