इंदौर
एरोड्रम थाना क्षेत्र के ६० फीट रोड पर एक युवती के साथमारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। एक सिरफिरे युवक ने सरेराह युवती का रास्ता रोका, उसका गला दबाया और बात न करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, २१ वर्षीय पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपनी मोटर साइकिल से छोटी बहन को एम.पी. पब्लिक स्कूल छोड़ने गई थी। बहन को स्कूल के सामने छोड़कर जब वह घर लौटने के लिए गाड़ी पलटा रही थी, तभी वहां उसका पूर्व परिचित अर्जुन चौहान, निवासी ग्राम चापड़ा जिला देवास आ पहुंचा।पीड़िता का आरोप है कि अर्जुन आते ही उसे गालियां देने लगा और जबरन उसकी चलती बाइक पर पीछे बैठ
गया। वह युवती से उसका मोबाइल छीनने की कोशिश करने लगा। जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसका गला पकड़ लिया और उसे थप्पड़ मारे। डरी-सहमी युवती ने जब उसे गाड़ी से नीचे उतरने को कहा, तो आरोपी ने धक्का देकर युवती को बाइक सहित सड़क पर गिरा दिया। पीड़िता के गिरने के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने युवती को डराते हुए कहा,’तुझे मुझसे बात करनी ही होगी, अगर नहीं करेगी तो मैं तुझे जान से खत्म कर दूंगा।’ आसपास के लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी वहां से फरार हो गया।एरोड्रम थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी अर्जुन चौहान के खिलाफ मारपीट, गाली-़गलौच और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
