इंदौर
सराफा बाजार में खरीदारी करने पहुंची एक महिला का सोने का हार शातिर चोरों ने उनके पर्स से पार कर दिया। यह हार महिला को उनकी शादी में उपहार स्वरूप मिला था, जिसे वे वजन कराने के लिए बाजार ले गई थीं। सराफा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक चोरी की यह घटना १८ दिसंबर को दोपहर करीब १:३० बजे की है। फरियादी परवीन पति इरशाद अहमद, निवासी कोयला बाखल, अपनी मां नफीसा के साथ सराफा क्षेत्र स्थित बाटा शोरूम के सामने वाली मंदिर वाली गली में गई थीं।फरियादी परवीन ने पुलिस को बताया कि उनके पास एक पुराना सोने का हार था, जो उन्हें वर्ष २००३ में उनकी शादी के समय उपहार में मिला था। वे इस हार का वजन कराने के लिए बाजार पहुंची थीं। जब उन्होंने गली में हार निकालने के लिए अपना पर्स खोला, तो वह गायब मिला। परवीन को अंदेशा है कि भीड़भाड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात जेबकतके या शातिर चोर ने उनके पर्स से हार निकाल लिया। हार गायब होने के बाद महिला ने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की और काफी तलाश किया, लेकिन हार का कुछ पता नहीं चला। अंतत: उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सराफा पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
