इंदौर
लसूड़िया थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर में रात के समय चल रहे निर्माण कार्य के शोर का विरोध करना एक बुजुर्ग महिला और उसके परिवार को महंगा पड़ गया। काम बंद करने की बात कहने पर ठेकेदार और उसके मजदूरों ने परिवार के साथ बदसलूकी की और बुजुर्ग महिला पर डंडे से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना एमआर-११ महालक्ष्मी नगर के पीछे की है। यहां रहने वाली ६५ वर्षीय मधु पति देवराज चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके घर के ठीक पीछे जगदीश दांगी (ठेकेदार) का कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। रात भर काम चलने और मशीनों की आवाज आने के कारण परिवार सो नहीं पा रहा था और काफी परेशान था।शोर से परेशान होकर बुजुर्ग महिला मधु चौधरी, अपने पति देवराज और बहू को लेकर ठेकेदार की साइट पर पहुँचीं। उन्होंने ठेकेदार से रात के समय काम बंद करने का अनुरोध किया। इस बात पर आरोपी ठेकेदार और वहां मौजूद उसके मजदूर भड़क गए और परिवार को गालियां देने लगे। जब परिवार ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने मधु चौधरी के पति देवराज के साथ हाथथप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी।अपने पति को पिटता देख जब महिला बीच-बचाव करने के लिए आगे आईं, तो आरोपी ठेकेदार ने वहीं पड़ा लकड़ी का एक डंडा उठाया और उन पर वार कर दिया। डंडे की चोट से बुजुर्ग महिला
घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।फरियादी महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ठेकेदार जगदीश दांगी और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज
और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
