इंदौर
राऊ थाना क्षेत्र में महज दो हजार रुपये के मामूली लेनदेन के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एक सिरफिरे युवक ने सरेराह एक युवती पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी ने युवती के चेहरे और जांघों पर वार किए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। राऊ पुलिस के मुताबिक, घटना राऊपीथमपुर रोड स्थित नायरा पंप के सामने की है। पुलिस ने दिव्यांशी चौधरी, निवासी साईं विहार कॉलोनी की शिकायत पर आरोपी अनुराग पिता गजेंद्र चौहान, निवासी राम रहीम कॉलोनी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी दिव्यांशी ने बताया कि उसकी बहन टीना का आरोपी अनुराग की बहन दिशा से २ हजार के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह और उसकी बहन जब नायरा पंप के सामने थे, तभी आरोपी अनुराग चौहान वहां पहुंचा और उन्हें गालियां देने लगा। जब फरियादी और उसकी बहन ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपी ने आव देखा न ताव और अपनी जेब से चाकू निकालकर हमला कर दिया। आरोपी ने फरियादी के चेहरे और दोनों जांघों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गई।हमले के दौरान दिव्यांशी की बहन टीना और यशराज ने तुरंत बीच-बचाव किया और शोर मचाया। लोगों को आता देख आरोपी अनुराग वहां से भाग निकला, लेकिन जाते-जाते उसने धमकी दी कि ‘आज तो बच गई, आइंदा जान से खत्म कर दूंगा।’
