राऊ थाना क्षेत्र के सिलिकॉन सिटी स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास और शहर के एग्जिट पॉइंट्स पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों का रूट मैप तैयार कर रही है, ताकि उनकी लोकेशन का पता लगाया जा सके। राऊ पुलिस के मुताबिक, चोरी की यह वारदात सिलिकॉन सिटी स्थित ‘श्री ज्वेलर्स’ में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हुई। दुकान के संचालक देवेंद्र सोनी जब सुबह दुकान पहुँचे, तो उन्हें वारदात का पता चला। अज्ञात बदमाश दुकान के ताले चटकाकर अंदर घुसे और वहां रखे लाखों रुपये मूल्य के सोनेचांदी के जेवरात समेट कर रफूचक्कर हो गए । एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि घटना के तुरंत बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपियों के फिंगरप्रिंट्स और अन्य तकनीकी सबूतों किया गया है। पुलिस ने दुकान और आसपास की कॉलोनियों में लगे कैमरों के फुटेज जप्त किए हैं, जिसमें कुछ संदिग्ध नजर आए हैं। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अब उस रास्ते का ‘रूट मैप’ बना रही है जिससे आरोपी चोरी के बाद भागे थे। हालांकि, अभी तक पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों के हुलिए और संदिग्ध वाहनों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
