जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास से ही नक्सलवाद जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है
इंदौर .भारत सरकार के खेल मंत्रालय के “मेरा युवा भारत” द्वारा आयोजित 17वें युवा जनजाति आदान–प्रदान कार्यक्रम के छठवें दिन सांसद शंकर लालवानी ने युवाओं के साथ संवाद किया। उन्होंने पांच राज्यों से आए युवाओं को सामाजिक समरसता, शांति एवं विकास के संदेशवाहक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय युवा प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और इंदौर में मिले आत्मीय आतिथ्य की सराहना की। सांसद लालवानी ने नक्सलवाद के उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी युवाओं से संवाद किया और कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास से ही नक्सलवाद जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित भाषण प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, इंदौर पंकज गोस्वामी ने कहा कि सांसद जी का युवाओं के बीच जाकर संवाद करना अत्यंत प्रेरणादायी अनुभव रहा।

