
इंदौर
इंदौर में शराब का अवैध रूप से क्रय-विक्रय, परिवहन तथा भंडारण करने वालों के विरूद्ध कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा अभियान चलाकर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही में 66.6 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा जप्त किया गया। सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। आज की कार्यवाही में कंट्रोलर श्री देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल, उड़नदस्ता प्रभारी श्री कमलेश सोलंकी, एडीईओ श्री सी. के. साहू के मार्गदर्शन में वृत्त भोई मोहल्ला वृत प्रभारी त्रिअंबिका शर्मा ने मुखबिर की सूचना पर की गई। भवानी नगर में की गई इस कार्रवाई में अवैध 66.6 बल्क लीटर देशी मदिरा जप्त कर बाणगंगा थाना क्षेत्र के आरोपी अर्जुन सिंह पिता सज्जन सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी से जब्त मदिरा की कुल कीमत 40 हजार रुपए है। आरोपी के विरुद्ध म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर गैर जमानती अपराध होने पर न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल दाखिल कराया गया है। आरोपी अर्जुन पिता सज्जन सिंह के खिलाफ पूर्व से कई अपराध पंजीबद्ध हैं, जिसमें अवैध रूप से शराब के परिवहन, संग्रहण और बिक्री के दर्जनों अपराध शामिल हैं। आज की कार्यवाही में भोई मोहल्ला वृत्त प्रभारी त्रिअंबिका शर्मा, आबकारी आरक्षक प्रमोद शेटे, राजू जाँबेकर , श्रीमति निशा का सराहनीय योगदान रहा है।
