तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के असरावद फाटा पर स्थित एक एटीएम को अज्ञात बदमाशों ने अपना निशाना बनाने का प्रयास किया। बदमाशों ने एटीएम मशीन के सुरक्षा उपकरणों और लॉक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तोड़फोड़ और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज किया है। तेजाजी नगर पुलिस के मुताबिक, घटना ‘इंडिया वन’ कंपनी के एटीएम की है। कंपनी के अधिकारी अमित बाहेती पिता रामचंद्र बाहेती निवासी सुदामा नगरने शिकायत दर्ज कराई है कि वे २३ दिसंबर को दोपहर करीब १ बजे असरावद फाटा स्थित एटीएम मशीन की नियमित जांच के लिए पहुंचे थे। वहां पहुंचते ही उन्होंने देखा कि मशीन के साथ गंभीर छेड़छाड़ की गई है। फरियादी के मुताबिक, अज्ञात बदमाशों ने चोरी करने की नीयत से मशीन में भारी तोड़फोड़ की थी। बदमाशों ने एटीएम का हैंडल, कीपैड लॉक और डोर लॉक तोड़ दिया था। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से बदमाशों ने एटीएम के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। अमित बाहेती ने तत्काल घटना की सूचना कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और तेजाजी नगर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके का मुआयना कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब एटीएम और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी
कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
