इंदौर। लसुड़िया थाना इलाके में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मुंबई से आए एक कोरियर कंपनी के कंटेनर से अज्ञात बदमाशों ने महज आधे घंटे के भीतर १९१ पार्सल साफ कर दिए। पुलिस ने कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लसुड़िया पुलिस के मुताबिक, चोरी की यह घटना एमआर-११ रोड स्थित गोयल ग्रीन कॉलोनी के सामने हुई। फरियादी अरविंद कुमार पिता रामवली यादव निवासी मंगल विहार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि डीटीडीसी कंपनी का ड्राइवर विकास कुमार लोडिंग कंटेनर क्रमांक एमएच-४६ बीयू ८१८९ में माल लेकर मुंबई से देवास नाका इंदौर आया था। १० दिसंबर की सुबह करीब ३:३० बजे, ड्राइवर विकास ने गोयल ग्रीन कॉलोनी के सामने गाड़ी खड़ी की और शौचालय के लिए चला गया। करीब आधे घंटे बाद जब वह वापस लौटा, तो उसके होश उड़ गए। कंटेनर के पीछे के गेट की सील टूटी हुई थी और अंदर रखे पार्सल गायब थे। अज्ञात बदमाश कंटेनर की सील तोड़कर उसके भीतर रखे कुल १९१ पार्सल चुराकर ले गए। इन पार्सलों की कुल कीमत ५ लाख ५३ हजार १० रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कंपनी के अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया गया।
