
इंदौर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के तक्षशिला परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महू विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। जयंती के उपलक्ष्य में “उच्च शिक्षित बालिका – विकसित भारत अभियान” के अंतर्गत देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर एवं विधायक उषा ठाकुर के संयुक्त तत्वावधान में 25 दिसंबर 2025 को तक्षशिला परिसर से डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्मस्थली, महू तक साइक्लोथॉन (साइकिल यात्रा) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई एवं कुलसचिव प्रज्वल खरे के नेतृत्व में साइकिल रैली निकाली गई। विधायक उषा ठाकुर ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान तथा शिक्षा और युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि साइक्लोथॉन से शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश मिलता है।
