इंदौर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में पितृ पर्वत मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक फिसलने से गंभीर रूप से घायल हुए फार्मेसी के छात्र ने निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सदर बाजार निवासी अनस पिता अनीश मेवाती (१८ ) गत २१ दिसंबर को गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पितृ पर्वत मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में अनस के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। गंभीर हालत में परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुँचे थे।बताया जा रहा है कि मृतक अनस फार्मेसी सेकंड ईयर का छात्र था और होनहार था। अनस के परिवार में हाल ही में खुशियों का माहौल था,महज १५ दिन पहले ही उसके बड़े भाई का निकाह हुआ था। परिवार इस खुशी से उबरा भी नहीं था कि इस हादसे ने कोहराम मचा दिया। अनस दो बहनों के बीच छोटा भाई था और अविवाहित था। उसके पिता फेब्रिकेशन की दुकान पर काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद अनस की हालत में सुधार नहीं हुआ और कल शाम उसने अस्पताल में अंतिम सांस ली। गांधीनगर पुलिस को अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। गांधीनगर थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
