इंदौर
चंदननगर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर हमले का मामल प्रकाश में आया है। घर लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर दो बदमाशों ने पुराने विवाद की खुन्नस निकालते हुए उस पर हमला कर दिया और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, राणा कॉलोनी निवासी विक्की पिता लक्ष्मण सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह फूटी कोठी के पास अपना काम खत्म कर पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह चंदननगर कलाली के सामने पहुंचा, वहां पहले से मौजूद लखन और दिलीप निवासी चंदननगर झोपड़पट्टी ने उसे रोक लिया। दोनों आरोपियों ने पुराना विवाद निकालते हुए विक्की के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब विक्की ने गालियां देने का विरोध किया, तो विवाद मारपीट में बदल गया। फरियादी का आरोप है कि आरोपी लखन ने उसे पीछे से मजबूती से पकड़ लिया ताकि वह बचाव न कर सके, इसी दौरान दिलीप ने अपने हाथ में पहने भारी धात्विक कड़े से विक्की के सिर पर बाईं ओर जोरदार प्रहार कर दिया। हमले में विक्की का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा।शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे, तो दोनों आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकले। भागते समय आरोपियों ने विक्की को धमकी दी कि यदि वह दोबारा उनके सामने आया या पुलिस से शिकायत की, तो उसे जान से खत्म कर देंगे।
