इंदौर
शहर में अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए तेजाजी नगर पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिर बदमाशों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से अवैध हथियार और चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मछली फार्म तालाब के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए तेजाजी नगर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर दो आरोपियो को हिरासत में
लिया। गिरफ्तार आरोपियो के नाम आकेश पिता अर्जुन बघेल निवासी बड़ी कदवाल, जिला अलीराजपुर और शेरू पिता हिरू वसुनिया निवासी मसानिया फलिया, जिला धार बताये जा रहे है।तलाशी के दौरान आरोपी आकेश के कब्जे से एक देशी कट्टा और ८ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।जबकि दूसरे आरोपी शेरू के पास से पुलिस ने लोहे की टॉमी और पत्ती जब्त की है, जिनका उपयोग अक्सर ताले तोड़ने या चोरी की वारदातों में किया जाता है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने और
अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
