इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के भौरासला में एक युवती और उसकी बहन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद की वजह फरियादी का अपनी सहेली के साथ बिना बताए धार्मिक यात्रा पर जाना बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में सहेली सहित उसके माता-पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक फरियादी चंचल पिता सुनील बैस ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी सहेली मनाली राव और वह कुछ दिन पहले परिजनों को बिना बताए राजस्थान स्थित सांवलिया सेठ मंदिर दर्शन के लिए गए थे। इस यात्रा की जानकारी कल ही मनाली के परिजनों को लगी, जिससे वे बेहद नाराज थे। मनाली के परिजनों ने चंचल को फोन कर चर्चा करने के बहाने अपने घर बुलाया था। चंचल जब अपनी बहन प्रज्ञा के साथ पुष्प फैक्ट्री के पास स्थित मनाली के घर पहुँची, तो वहां विवाद की स्थिति बन गई। फरियादी का आरोप है कि मनाली के पिता रामचंद्र राव, मां संगीता राव और स्वयं मनाली ने उसे देखते ही गालियां देना शुरू कर दिया। उन्होंने चंचल पर आरोप लगाया कि वह
उनकी बेटी को बिगाड़ रही है और गलत रास्ते पर ले जा रही है। जब चंचल ने अपशब्दों का विरोध किया, तो रामचंद्र, संगीता और मनाली ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अपनी बहन को पिटता देख जब प्रज्ञा बीच-बचाव करने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी झूमाझटकी कर मारपीट की। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि आज तो बच गई, लेकिन आइंदा अगरउनकी लड़की से बात की या उसके आसपास भी नजर आई, तो उसे जान से खत्म कर देंगे।
