इंदौर
शहर में साइबर ठगों ने एक बार फिर अधिक मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाया है। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में व्हाट्सऐप पर एक संदिग्ध लिंक भेजकर मोबाइल में ऐप डाउनलोड कराया गया और निवेश के नाम पर फरियादी से करीब ५ लाख ९० हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक फरियादी सचिन कुमार पिता प्रकाश भंडारी निवासी शिवगोरी रेसिडेंसी, गमलेवाली पुलिया के पास एक अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप पर एक लिंक आया था। ठगों ने उन्हें बातों में फंसाकर उस लिंक के माध्यम से मोबाइल में ‘सीबी’ नामक एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया। इसके बाद उन्हें कम समय में अधिक पैसा कमाने और निवेश पर भारी लाभ दिलाने का झांसा दिया गया।ऐप डाउनलोड होने के बाद, आरोपियों ने फरियादी को अपने विश्वास में लिया और अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल ५ लाख ९० हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। जब फरियादी ने अपना पैसा वापस निकालने की कोशिश की या मुनाफे की मांग की, तो उन्हें और पैसों की मांग की जाने लगी। तब जाकर उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो चुके हैं।धोखाधड़ी का पता चलते ही फरियादी ने तुरंत पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की डिटेल खंगाल रही है, जिनका उपयोग इस ठगी में किया गया है।
