इंदौर
मानपुर थाना क्षेत्र में गत दिनों दूध व्यापारी कमल सिंह रघुवंशी से हुई २ लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के अंतिम दो फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह अब वारदात में शामिल सभी ६ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पकड़े गए बदमाशों ने बचने के लिए जंगलों और पहाड़ियों का सहारा लिया था, लेकिन पुलिस की सूझबूझ के आगे उनकी एक न चली लूट के बाद से फरार आरोपी भूरा उर्फ भरत चौहान निवासी ग्राम सोडल्यापुरा, धार और राजू उर्फ रामलाल भाभर निवासी छोटा जामनिया, धार पुलिस से बचने के लिए छोटा जामनिया की पहाड़ियों और जंगलों में घास-फूस की झोपड़ी बनाकर छिपे हुए थे। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने रात के समय वेश बदला और मुखबिर की सूचना पर सघन जंगल में दबिश दी। पुलिस जब झोपड़ी में पहुंची, तो दोनों आरोपी वहां गहरी नींद में सो रहे थे, जिन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से ३०,२४० रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, सह- अभियुक्त ड्राइवर का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच में खुलासा हुआ था कि लूट की यह पूरी योजना व्यापारी के अपने ही ड्राइवर आवेश खान और हेल्पर समीर शाह ने बनाई थी। उन्होंने अपने साथी विनय डावर, संजय चंदेल और अब पकड़े गए दोनों आरोपियों के साथ मिलकर डकैती और लूट के इस आपराधिक षड्यंत्र को अंजाम दिया था।पकड़े गए बदमाश विनय डावर के साथ मिलकर पूर्व में बड़गोंदा क्षेत्र में हुई दो अन्य लूट की वारदातों में भी शामिल रह चुके हैं। मानपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण में अब तक कुल ६ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अब कोई भी आरोपी फरार नहीं है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
