इन्दौर । नंदगांव, पीपल्याहाना स्थित भागीरथ रामविलास राठी पारमार्थिक न्यास द्वारा संचालित स्वास्थ्य एवं सेवा केंद्र पर आगामी 1 जनवरी से ओपीडी (बाह्य रोगी परीक्षण) का समय सुबह 10 बजे से 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। ट्रस्ट के प्रमुख रामविलास राठी ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों के लिए खून एवं पैथालॉजी जांच तथा एक्सरे आदि पर भी रियायती दरों पर परीक्षण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। केंद्र से भेजे जाने वाले मरीजों को दवाइयों पर भी 40 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान रखा गया है। केंद्र पर शुगर के मरीजों के लिए अल्ट्रा साउंड मशीन की मदद से प्रतिदिन 15 मिनट के लिए लाभ लेकर शुगर को नियंत्रित रखने की सुविधा का भी अब तक सैकड़ों मरीज लाभ उठा चुके हैं। नए वर्ष में केंद्र की ओर से पिपलियाहाना सहित आसपास की बस्तियों में चिकित्सकों के सहयोग से निशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जाएँगे।
