इंदौर ।
लसूडिया थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी ओमेक्स सिटी में दिनदहाड़े चोरी की एक वारदात सामने आई है। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए घर के ताले तोड़े और अलमारी में रखा कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि चोर अपने साथ यूनियन बैंक के लॉकर की चाबी भी ले गए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, ओमेक्ससिटी निवासी विजयलक्ष्मी पति स्व. राजेंद्र जादौन ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह किसी काम से बाहर गई हुई थीं। जब वह सुबह करीब ११ बजे वापस अपने घर लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर सारा सामान बिखरा पड़ा था और कमरे में रखी अलमारियों के लॉक भी टूटे हुए थे।अज्ञात बदमाश घर के अंदर से यूनियन बैंक के लॉकर की एक चाबी, घर का अन्य छोटामोटा कीमती सामान और नकदी चोरी कर ले गए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कॉलोनी के निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त
है। सूचना मिलते ही लसूडिया पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। पुलिस को अंदेशा है कि बदमाशों ने पहले घर की रेकी की
थी और विजयलक्ष्मी के बाहर जाते ही वारदात को अंजाम दिया।
