इंदौर
शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परदेशीपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक शातिर पेडलर को घेराबंदी कर दबोचा, जिसके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई है। पकड़ा गया आरोपी खुद नशे का आदी है और अपने शौक व जेब खर्च को पूरा करने के लिए शहर में ड्रग्स की सप्लाई करता था। परदेशीपुरा थाना प्रभारी आरडी कानवा के नेतृत्व में पुलिस टीम एमआर-०४ रोड पर सघन गश्त कर रही थी। इसी दौरान
एक एक्टिवा एमपी-०९ एसजे ९०९३ पर सवार युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता नजर आया। पुलिस को देख युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे रोक लिया।तलाशी लेने पर युवक के पास से ११.०१ ग्राम ब्राउन शुगर
बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग १ लाख १० हजार रुपये बताई जा रही है।पुलिस ने आरोपी शुभम उर्फ गुलशन पिता महेश यादव, निवासी भागीरथपुरा को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से नशीले पदार्थ के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा भी जब्त की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह स्वयं नशे का सेवन करता है और पैसों के लालच में वह पेडलर के रूप में काम कर रहा था।
