इंदौर
शहर में बीआरटीएस कॉरिडोर हटने के बाद सड़कों के बदले स्वरूप के बीच आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। विजयनगर क्षेत्र में एक निजी ट्रैवल्स की तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ट्रैफिक सिग्नल से जा टकराई। टक्कर इतनीभीषण थी कि भारी-भरकम सिग्नल पोल उखड़कर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि बस में सवार सभी ३५ यात्री सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। विजयनगर पुलिस के मुताबिक, यह हादसा आज सुबह करीब ५.३० बजे रसोमा चौराहे के पास हुआ। अशोक ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस क्रमांक एमपी-१४ झेडएफ ९९५४ उदयपुर से भोपाल की ओर जा रही थी। जैसे ही बस रसोमा चौराहे से विजयनगर की ओर बढ़ी, चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे सड़क किनारे लगे ट्रैफिक सिग्नल से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन यात्रियों की किस्मत अच्छी थी कि बस पलटी नहीं।हादसे की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। टक्कर से बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। बस चालक प्रताप सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि बीआरटीएस हटने के बाद सड़क की बनावट में बदलाव आया है और बीच सड़क पर सिग्नल होने के कारण उसे समझने में गफलत हुई, जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया ताकि यातायात बाधित न हो।
