इंदौर ।
गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोमटगिरि क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में २५ वर्षीय युवक की मौत हो गई। किसी अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान राजकुमार पिता सुरेश चौधरी (२५), निवासी जम्बुड़ी हप्सी के रूप में हुई है। वह कपड़ा मार्केट की एक दुकान पर काम करता था। परिजनों ने बताया कि राजकुमार अक्सर अपने भाई के साथ ही काम पर आता-जाता था लेकिन कल उसके भाई की छुट्टी थी, जिसके कारण वह अकेला ही दुकान पर गया था। रात को काम खत्म कर घर लौटते समय गोमटगिरि के पास वह हादसे का शिकार हो गया । हादसे के बाद राहगिरो ने पुलिस को सूचना दी। राजकुमार को लहूलुहान हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसने अस्पताल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है।
