इंदौर
राऊ क्षेत्र के नेहरू नगर में एक हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। मायके से अचानक लौटी पत्नी ने जब अपने पति को उसकी महिला मित्र के साथ घर में रंगे हाथों पकड़ा, तो पति ने शर्मिंदा होने के बजाय प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की ही जमकर पिटाई कर
दी। पुलिस ने पीड़ित पत्नी की शिकायत पर पति और उसकी प्रेमिका के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, नेहरू नगर निवासी रानी पति सुनील हिरवे ने अपने पति सुनील और उसकी एक महिला मित्र के खिलाफ शिकायत दर्ज
कराई है। रानी ने बताया कि वह कल दोपहर करीब ३ बजे अपने मायके गई हुई थी। जब वह वहां से वापस अपने घर लौटी, तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद जब पति सुनील ने दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर रानी के पैरों तले जमीन खिसक गई।रानी ने जब घर के अंदर दूसरी महिला की मौजूदगी पर सवाल उठाया, तो पति सुनील बुरी तरह बौखला गया और गालीगलौज करने लगा। रानी ने जब विरोध किया, तो सुनील और उसकी प्रेमिका ने मिलकर रानी पर हमला कर दिया। दोनों ने रानी को लातघूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसे काफी चोटें आई हैं। रानी के चिल्लाने पर जब पड़ोसी मदद के लिए दौड़े, तो आरोपी पति और उसकी महिला मित्र ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि ‘अगर दोबारा हमारे बीच आई, तो तुझे खत्म कर देंगे।’
