विभिन्न सामाजिक एवं योग से जुड़े संगठन भी बनेंगे भागीदार – पहली बैठक में ही हाथोंहाथ हो गए एक हजार युवाओं की सहमति

इंदौर
बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं संस्था छवि वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार, 10 जनवरी को दशहरा मैदान पर आयोजित सूर्य नमस्कार के वृहद आयोजन के लिए तैयारियों को लेकर हुई बैठक में हाथोहाथ एक हजार से अधिक युवाओं की सहमति मिल चुकी है। सूर्य नमस्कार के दौरान सुबह 7 से 9 बजे तक शहर के हजारों युवा दशहरा मैदान में सूर्य नमस्कार सहित योग की विभिन्न गतिविधियों में शामिल होंगे।
संस्था छवि के प्रमुख गोपाल गोयल की अध्यक्षता में धार रोड स्थित एक रिसोर्ट पर आयोजित बैठक में स्वदेशी जागरण मंच, हरिओम योग केंद्र, नमोनमो शंकरा परिवार, पुरोहित योग थेरेपी तथा आस्था योग क्रांति अभियान परिवार जैसे प्रमुख संगठनों के सदस्यों ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई और अनेक सुझाव भी दिए। बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम में बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के प्रमुख एवं उद्योगपति विनोद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी युवाओं से आग्रह किया गया है कि वे अपने साथ योग मैट एवं पानी की बोतल लेकर 10 जनवरी को सुबह 7 बजे के पहले दशहरा मैदान पहुँच जाएँ जहाँ उनके लिए पौष्टिक स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई है। योग करने वाले युवाओं को विशेष टीशर्ट भी उपहार के रूप में दी जाएगी। इस दिव्य आयोजन के लिए केवल 5 हजार युवाओं का प्रवेश ही पहले आएं पहले पाएं के आधार पर स्वीकार किया जाएगा। आयोजन के लिए विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शहर के अनेक क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान प्रारंभ कर दिया है।
