
इंदौर
बर्फानी धाम के पीछे स्थित गणेश नगर में माता केशरबाई रघुवंशी धर्मशाला परिसर के शिव-हनुमान मंदिर की साक्षी में गुरुवार 1 जनवरी से प्रारंभ होने वाली नौ दिवसीय श्रीराम कथा के लिए सभी तैयारियां अंतिम दौर में पहुँच गई हैं। ब्रह्मऋषि स्वामी बर्फानी दादा महाराज की प्रेरणा से हो रहे इस आयोजन में 1 से 9 जनवरी तक प्रख्यात मानस मर्मज्ञ पं. मनोज भार्गव के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा का अनुष्ठान प्रतिदिन दोपहर 1 से सायं 5 बजे तक होगा।
माता केशरबाई रघुवंशी धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास के अध्यक्ष तुलसीराम-सविता रघुवंशी एवं संयोजक रेवतसिंह रघुवंशी ने बताया कि कथा का शुभारंभ नववर्ष के पहले दिन सुबह 11.30 बजे गणेश नगर एवं आसपास के क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कथा में 1 जनवरी को रामायण महात्यम एवं सती चरित्र, 2 को शंकर पार्वती विवाह, 3 को श्रीराम जन्म महोत्सव, 4 को श्रीराम सीता विवाह, 5 को श्रीराम वन गमन एवं केवट संवाद, 6 को भरत चरित्र, 7 को पंचवटी निवास, गिद्धराज एवं शबरी चरित्र, 8 को श्रीराम –सुग्रीव मित्रता, 9 को रावण वध एवं रामराज्याभिषेक प्रसंगों की संगीतमय कथा होगी। नववर्ष के उपलक्ष्य में पिछले 25 वर्षों से यहां नियमित रूप से कथा सत्संग का आयोजन जारी है। कथा स्थल पर भक्तों की सुविधा के लिए पंडाल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा एवं निशुल्क वाहन पार्किंग सहित समुचित प्रबंध किए जा रहे हैं। कथा में प्रसंगानुसार प्रमुख उत्सव भी मनाए जाएंगे।
