इंदौर
नए साल के जश्न और ‘थर्टी फर्स्ट’ की रात को सुरक्षित बनाने के लिए इंदौर पुलिस ने राजबाड़ा से लेकर बायपास तक सुरक्षा का अभेद्य घेरा तैयार किया है। शहर में किसी भी अप्रिय घटना, छेड़छाड़ या हुड़दंग को रोकने के लिए करीब डेढ़ हजार पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह खुद व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं और कल देर रात २ बजे तक उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर चेकिंग पॉइंट का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे शहर में १५० से अधिक चेकिंग पॉइंट लगाए हैं। चाकूबाजों और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें ३०० ‘हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर’ के साथ मुस्तैद रहेंगी। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के लिए १५० ‘ब्रीथ एनालाइजर’ मशीनों का उपयोग किया जाएगा। हर थाना क्षेत्र में कम से कम पांच-पांच चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहाँ रात ९ बजे से ही भारी पुलिस बल तैनात हो जाएगा। महिलाओं और परिवारों की सुरक्षा के लिए ‘महिला शक्ति मोबाइल’ की ६ टीमें लगातार गश्त करेंगी। इसके अलावा, भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों की निगरानी के लिए ८ ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी, जिनमें विशेष रूप से ‘नाइट विजन’ ड्रोन शामिल हैं। शहर के व्यस्त चौराहों के साथ-साथ कॉलोनियों में भी थानों के गश्ती दल लगातार भ्रमण करेंगे ताकि रहवासी क्षेत्रों में शांति बनी रहे। पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हुड़दंग करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए। पिछले चार दिनों से शहर में लगातार रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। डीआरपी लाइन से अतिरिक्त बल बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है ताकि नए साल का स्वागत बिना किसी विवाद या दुर्घटना के हो सके।
