लोहारपट्टी स्थित खाड़ी के प्राचीन मंदिर पर सजाया
गया पुष्प बंगला–देवताओं को पहनाए नए आभूषण

इंदौर।
लोहारपट्टी स्थित प्राचीन श्रीजी कल्याण धाम, खाड़ी के मंदिर के वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में हंसदास मठ के पीठाधीश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में यज्ञ-हवन एवं भागवत कथा की पूर्णाहुति के साथ अन्नकूट महोत्सव सौल्लास मनाया गया। इस मौके पर कल्याणजी के मंदिर एवं अन्य देवी देवताओं का पुष्प बंगला श्रृंगारित कर 56 भोग समर्पित किए गए। संकट हरण वीर हनुमानजी को रजत मंडित आभूषण पहनाए गए। यज्ञ, हवन में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। अन्नकूट महोत्सव में देर रात तक पांच हजार से अधिक भक्तों ने महाप्रसादी का पुण्य लाभ उठाया।
खाड़ी के मंदिर पर गत 23 दिसम्बर से भागवत भूषण आचार्य पं. राजेश शास्त्री के श्रीमुख से भागवत ज्ञान यज्ञ का दिव्य अनुष्ठान चल रहा था। समापन अवसर पर हंस पीठाधीश्वर श्रीमहंत रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में श्रीजी कल्याणजी एवं संकट हरण वीर हनुमानजी महाराज का अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया गया, जिसमें विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, अशोक चौहान चांदू, प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता दीपक जैन टीनू, एमआईसी सदस्य निरंजनसिंह चौहान गुड्डू, हरि अग्रवाल, कमलेश खंडेलवाल, राजा यादव, राजेश शर्मा, राजेन्द्र गर्ग एवं अशोक चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर पूजा-अर्चना के बाद यज्ञ-हवन में आहुतियां समर्पित की। अनुष्ठान में स्वामी रामबालक दास रामायणी, महामंडलेश्वर स्वामी राधे राधे बाबा, स्वामी यजत्रदास एवं अन्य संत-विद्वानों ने इस मौके पर सबके मंगल की कामनाएं व्यक्त की। बिदा ले रहे वर्ष 2025 की बिदाई एवं वर्ष 2026 की अगवानी में सभी देवी देवताओं से सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। अतिथियों का स्वागत श्रीमती वर्षा शर्मा, रुक्मणी शर्मा, गीता व्यास, मंजू शर्मा, ज्योति शर्मा, प्रफुल्ला शर्मा, हंसा पंचोली, हेमलता वैष्णव, मधु गुप्ता आदि ने किया। देर रात तक 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने कड़ाके की शीतलहर के बावजूद महाप्रसादी का पुण्यलाभ उठाया।
