इंदौर।
भंवरकुआं थाना क्षेत्र में कार चलाने को लेकर हुए मामूली विवाद में दो अज्ञात युवकों ने एक कार चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। भंवरकुआं पुलिस के मुताबिक, मारपीट की यह घटना कल रात करीब १२ बजे चंद्रशेखर आजाद डीएवीवी हॉस्टल के सामने हुई। फरियादी निहाल पिता श्यामनारायण वर्मा निवासी सिमरोल रोड, महू ने बताया कि वह अपनी कार से हॉस्टल के सामने से गुजर रहा था। सड़क पर दो युवक पैदल चल रहे थे। जैसे ही निहाल की कार उनके पास से निकली, युवकों ने पीछे से गालियां देना शुरू कर दिया। युवकों का कहना था कि ‘गाड़ी देखकर चला, क्या लोगों को ठोकेगा?’ जब निहाल ने कार रोककर उनसे विनम्रतापूर्वक पूछा कि क्या उन्हें कोई चोट लगी है और वे गाली क्यों दे रहे हैं, तो दोनों युवक और उनके साथी उग्र हो गए। आरोपियों ने निहाल के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब हॉस्टल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
