श्याम मित्र मंडल की मेजबानी में कोलकाता से आएँगे पुष्प एवं मंच सज्जाकार – शुभकारज गार्डन पर दो दिवसीय आयोजन

इंदौर ।
श्याम मित्र मंडल शिव मोती नगर की मेजबानी में आगामी 3 एवं 4 जनवरी को सायं 7 बजे से अ.भा. श्याम महोत्सव का 30वां दिव्य आयोजन ए.बी. रोड, राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभ कारज गार्डन पर श्याम भक्त श्रीमती पुष्पा मित्तल के सानिध्य में होगा। इसमें देश के अनेक ख्यातिप्राप्त भजन गायक, कोलकाता के पुष्प सज्जाकार एवं देशभर में फैले श्याम भक्त शामिल होंगे। लगभग ढाई हजार भक्त दूसरे शहरों से आएंगे और इतने ही भक्त शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आएंगे। महोत्सव की तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही है। समूचे आयोजन को “अर्जी रींगस नरेश से” नाम दिया गया है।
मंडल के अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल एवं मनीष अग्रवाल मोरनी ने बताया कि महोत्सव में कोलकाता के प्रख्यात भजन गायक राज पारीक एवं सौरभ शर्मा, समस्तीपुर की सुश्री रेशमी शर्मा, जयपुर के अभिषेक नामा, शिवम रावल एवं आशीष शर्मा सहित अनेक प्रख्यात श्याम भजन गायक तथा दिल्ली एवं कोलकाता के प्रख्यात संगीत समूहों के कलाकार भी विशेष रूप से इंदौर आकर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पिछले कई वर्षों की तरह इस वर्ष भी यह महोत्सव दो दिनों तक चलेगा। इस दौरान इंदौर के स्थानीय भजन गायक भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मंडल की स्थापना 40 वर्ष पूर्व समाजसेवी एवं श्याम भक्त ब्रह्मलीन जगदीश अग्रवाल ने की थी।
दरबार का श्रृंगार करने कोलकाता के 20 कलाकार आएंगे- श्याम बाबा का अलौकिक मनोहारी श्रृंगार करने एवं दरबार सजाने के लिए भी कोलकाता के प्रसिद्ध रंगकर्मी अपने साथी कलाकारों के साथ वहां के विशेष पुष्प लेकर आए हैं। इसी तरह रिंगस स्थित खाटू श्याम मंदिर से जुड़े पुजारी परिवार के सदस्य भी आएंगे और श्याम बाबा बागे पर विराजित होकर भक्तों को शुभाशीष प्रदान करेंगे।
अखंड ज्योत एवं श्याम रसोई सहित अनेक आकर्षण रहेंगे- महोत्सव से जुड़े राजेश सिंघल एवं मुकेश सिंघल ने बताया कि श्याम बाबा के भव्य दरबार में अखंड ज्योत, 56 भोग, श्याम रसोई एवं समूचे महोत्सव स्थल को खुशबू से सराबोर करने जैसे अनेक आकर्षण रहेंगे। मुख्य रूप से दिल्ली, जयपुर, गुवाहाटी, कानपुर, लखनऊ, सूरत, कोटा, हासी (हरियाणा), नीमच, मंदसौर के अलावा मालवांचल के लगभग सभी जिलों के खाटू श्याम मंडलों से जुड़े श्रद्धालु भी इस महोत्सव में आएंगे।
कोलकाता से बुलवाए श्रृंगार के फूल- महोत्सव के लिए एक हजार फीट क्षेत्र में श्याम बाबा का भव्य मंच बनेगा, जिस पर कोलकाता से बुलवाए गए ग्यारह किस्म के विशेष फूलों से बाबा का श्रृंगार किया जाएगा। मंच की श्रृंगार सज्जा श्रीमती अंजू-राजेश सिंघल के मार्गदर्शन में होगी।
श्याम भक्तों का सम्मेलन भी होगा- श्याम बाबा के साथ गणेशजी, हनुमानजी एवं श्याम बाबा सहित तीन दरबार अपनी अदभुत एवं अनुपम छटा बिखेरते हुए दर्शन देंगे। कार्यक्रम स्थल पर सुसज्जित बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, प्रकाश, प्राथमिक चिकित्सा, निःशुल्क वाहन पार्किग आदि के भी समुचित प्रबंध किए गए। भजन संध्या के साथ देशभर से आने वाले खाटू श्याम भक्तों का सम्मेलन भी आयोजित होगा, जिसमें श्याम भक्तों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार मंथन किया जाएगा।
