इंदौर। कनाडिया क्षेत्र में बेकाबू ट्रक चालक ने कल देर रात ब्लू मयंक वाटर पार्क रोड पर दो वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक ने ट्रक को रोकने की बजाय और रफ्तार से दौडा दिया। लोगों ने पीछाकर बंगाली चौराहा पर रोका तो चालक
वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक तेज रफ्तार ट्रक (नंबर एचआर-५५ ए ८८३३) ने नो इंट्री नियम को ठेंगा दिखा दिया। इस ट्रक ने दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। उनके चालकों को चोट आई। हादसे के बाद ड्राइवर ने इंसानियत दिखाने के बजाय ट्रक की रफ्तार और बढ़ा दी थी। कुछ युवकों ने तुरंत अपनी गाड़ियों से पीछा शुरू किया। बंगाली चौराहा के पास उसे ओवरटेक कर रोक लिया। ट्रक ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस जांच व आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
