इंदौर
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक पर उसके ही साले ने जानलेवा हमला कर दिया। विवाद की वजह शराब पीना और आपसी बातचीत बताई जा रही है। पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी अजय पिता रमेश, निवासी आनंद नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि यह घटना कल दोपहर करीब ३:०० बजे की है। अजय अपनी बड़ी सास के साथ बैठकर शराब पी रहा था और दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उसका साला हरीश बामनिया वहां पहुँचा और जीजा को शराब पीते देख आगबबूला हो गया।फरियादी ने बताया कि आरोपी वहां आते ही उसे गालियां देने लगा। जब गाली देने से मना किया और विरोध जताया, तो विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने पास ही पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाया और फरियादी के सिर पर दे मारा। हमले में फरियादी का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा।
