इंदौर
तुकोगंज थाना क्षेत्र के रुस्तम का बगीचा में आपसी रंजिश और पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक पर उसके ही साले ने हमला कर दिया। आरोपी ने पहले जीजा को प्यार से चाय पिलाने के बहाने घर बुलाया और फिर पुरानी बातों को लेकर विवाद शुरू कर
दिया। पुलिस के मुताबिक, फरियादी राहुल पिता शिवलाल वारदी, निवासी गौरी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी गाड़ी सुधरवाने के लिए रुस्तम का बगीचा गया हुआ था। वहां उसे उसका साला रितेश बुंदेला मिला। रितेश ने बड़े प्रेम से फरियादी से कहा, ‘जीजा घर चलो, चाय-पानी पीकर जाना।’ साले की बात मानकर फरियादी उसके घर चला गया।घर पहुँचते ही आरोपी साले का व्यवहार अचानक बदल गया। वह फरियादी और अपनी बहन के प्रेम विवाह की बात को लेकर पुरानी रंजिश निकालते हुए
गालियां देने लगा। जब फरियादी ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपी रितेश ने घर में रखी दराती उठा ली और जीजा पर हमला कर दिया। फरियादी ने जब खुद को बचाने के लिए दराती पकड़ने की कोशिश की, तो धारदार दराती उसके बाएं हाथ की
कलाई और सिर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद फरियादी ने तुरंत तुकोगंज थाने पहुँचकर मामले की शिकायत की।
