
महू। शनिवार को स्थानीय चोपड़ा वाटिका में आयोजित महू विधानसभा कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन कांग्रेस की बढ़ती मजबूती और जनाधार का स्पष्ट संदेश बनकर सामने आया। सम्मेलन के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी की अनुशंसा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े एवं पूर्व जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव की सहमति से महू क्षेत्र के 7 सक्रिय युवाओं ने कांग्रेस की विचारधारा में आस्था जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में विकास यादव, अजहर नूर, मुदस्सर खान, एजाज खान, आनंद गोगलिया, राजेश यादव और हेमंत यादव शामिल हैं। सभी ने खुले मंच से भाजपा समर्थित नीतियों और स्थानीय छोटी पार्टियों की निष्क्रियता से निराश होकर कांग्रेस को जनहित की एकमात्र मजबूत आवाज बताया। नवप्रवेशी कार्यकर्ता विकास यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे लंबे समय से एक स्थानीय पार्टी में पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे थे, लेकिन वहां न तो लोकतांत्रिक सोच थी और न ही जनहित के मुद्दों को उठाने की इच्छाशक्ति। लगातार मेहनत के बावजूद जब पार्टी का कोई प्रभाव या भविष्य नजर नहीं आया, तो उन्होंने कांग्रेस की जनपक्षधर विचारधारा से जुड़ने का निर्णय लिया। प्रदेश सेवादल अध्यक्ष अविनाश भार्गव ने सभी नवप्रवेशी साथियों को कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया और कहा कि“कांग्रेस आज उन युवाओं का भरोसा बन रही है, जो सत्ता नहीं, सेवा और संघर्ष की राजनीति में विश्वास रखते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता योगेश यादव, सेवादल अध्यक्ष नरेश जोशी,देवेंद्र अग्रवाल,पप्पू खान,अमित अग्रवाल, शक्ति सिंह गोयल, अल अमान, इमरान कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि महू विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार है।
