इंदौर
पौने दो घंटे के भीतर पुलिस ने रास्ते के करीब २०० सीसीटीवी फुटेज खंगाले
पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब १२- १२ वर्ष के दो मासूम दोस्त रहस्यमयीढंग से लापता हो गए। पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी जांच के कारण महज पौने दो घंटे के भीतर दोनों बच्चों को सुरक्षित ढूंढ निकाला गया। दोनों महाकाल वाली बात यह है कि बच्चे परीक्षा में फेल होने के डर से भगवान महाकाल के दर्शन करने पैदल ही उज्जैन के लिए निकल पड़े थे। मामला हरसिद्धि मोती तबेला क्षेत्र का है। यहाँ रहने वाले दो पड़ोसी दोस्त दोपहर में घर से कोचिंग जाने का बोलकर निकले थे। जब शाम ५ बजे तक दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। अपने स्तर पर खोजबीन करने के बाद जब बच्चों का सुराग नहीं लगा, तो घबराए परिजन पंढरीनाथ थाने पहुँचे। शाम ७ बजे सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम गठित की। एसआई यतीन्द्र मिश्रा, एएसआई सुभाष सकवाल, आरक्षक जितेंद्र यादव, दुर्गेश और यतेंद्र टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस ने बच्चों के घर से निकलने के रास्ते के करीब २०० सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को सूचना मिली कि हुलिए से मिलते-जुलते दो बच्चे सांवेर रोड के धरमपुरी इलाके में देखे गए हैं। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची और दोनों बच्चों कोसकुशल दस्तयाब कर लिया। पूछताछ
में बच्चों ने मासूमियत से बताया कि उन्हें परीक्षा में फेल होने का डर लग रहा था। उन्हें लगा कि भगवान महाकाल ही उन्हें बचा सकते हैं, इसलिए वे बिना किसी को बताए पैदल ही उज्जैन के लिए निकल गए थे।
