इंदौर ।
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में चरित्र पर शंका और मारपीट से आहत होकर एक युवती द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति से बातचीत करने के संदेह में युवती के घर घुसकर उसके साथ मारपीट कर दी। इस अपमान से दुखी होकर युवती ने जहर खा लिया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना परदेशीपुरा ़के जीवन की फेल क्षेत्र की है। यहाँ रहने वाली सोना (३५) के घर पर रेखा पति धीरज कुशवाह निवासी बापू गांधीनगर पहुँची और विवाद करने लगी। रेखा को संदेह था कि सोना उसके पति से बातचीत करती है। इसी शंका के चलते रेखा ने सोना के साथ गालीगलौच करते हुए विवाद शुरू कर दिया। जब दोनों के बीच विवाद चल रहा था तभी अपमान और प्रताड़ना से दुखी होकर युवती ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती की हालत बिगड़ते देख हड़कंप मच गया। उसे तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
